Patna Court Bomb Threat : पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर तुरंत खाली करने का आदेश

तीसरी बार मिली धमकी; सुरक्षा कड़ी, पुलिस गश्त बढ़ी
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर तुरंत खाली करने का आदेश

पटना: बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सोमवार को पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद तत्काल कोर्ट कैंपस खाली करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

इस धमकी के बारे में आई/सी रजिस्ट्रार, सिविल कोर्ट, पटना ने डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सचिव को जानकारी देते हुए सभी वकीलों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के लिए कहा है।

धमकी एक ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति अरुण कुमार के जरिए दावा किया गया कि वह कोर्ट के परिसर में 3 आरडीएक्स आईईडी विस्फोट करने वाला है।

यह धमकी 9 फरवरी, 2026 को मिली और इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। रजिस्ट्रार ने सचिव से अनुरोध किया है कि वे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों को सूचित करें और उन्हें कोर्ट परिसर से तुरंत बाहर निकलने का निर्देश दें।

ईमेल के माध्यम से मिली, जिसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।

वहीं, बम से उड़ाने की धमकी मिलने के कारण सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की जमानत की सुनवाई टाल दी गई है। पप्पू यादव 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार हैं। उन पर किराए के घर पर कब्जा करने का आरोप है और इसी मामले में उनकी जमानत अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई होनी थी। लेकिन, सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर खाली करा दिया गया और अब सुनवाई होने तक पप्पू यादव बेऊर जेल में ही रहेंगे।

गौरतलब है कि पिछले दो महीने में यह पटना सिविल कोर्ट को मिली तीसरी धमकी है। इससे पहले 8 जनवरी और फिर 28 जनवरी को भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। सोमवार को फिर एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से धमकी दी और दहशत फैलाने की कोशिश की।

प्रशासन ने सुरक्षा के सभी इंतजाम कड़े कर दिए हैं। कोर्ट परिसर में पुलिस और सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और सभी वकील और स्टाफ को सचेत रहने का निर्देश दिया गया है।

--आईएएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...