पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कई कार्यक्रम

पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जले 'आशीर्वाद के दीये', सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कई कार्यक्रम
पीएम

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में 'आशीर्वाद का दीया' और 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत देश के कोने-कोने में लोगों ने दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही सेवा, स्वास्थ्य, संस्कृति और विकास से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

ओडिशा के सुबर्णपुर जिले के बीरमहाराजपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और सुभद्रा योजना के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष बेनुधर दास, स्थानीय लोगों और महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भाग लिया।

जम्मू-कश्मीर के सांबा में भी प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा संकल्प अभियान के तहत मनाया गया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रशपाल वर्मा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन पूरे देश में मनाया जा रहा है और मतदान केंद्रों से लेकर घरों तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

दिल्ली विधानसभा परिसर में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विधानसभा परिसर में दीये जलाए गए।

वहीं, दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयुष्मान भारत पीएम-जय और जन औषधि परियोजना के लाभार्थियों से मुलाकात और बातचीत की।

चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से सेक्टर-17 प्लाजा में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में इस्तेमाल किए गए हजारों दीये शहर में रहने वाले कुम्हार परिवारों से सीधे खरीदे गए। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाने के साथ कुम्हार परिवारों को रोजगार और आजीविका का अवसर देने की कोशिश की गई।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने गरीबों तक पानी, बिजली, आवास, खाद्यान्न, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

महाराष्ट्र के नागपुर में प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर युवक गणेश मंडल ने उनकी तस्वीर वाली आकर्षक रंगोली बनाई और 76 दीये जलाए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी समारोह में शामिल हुए। फडणवीस ने रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन पर 76 दीये जलाकर लोगों की ओर से उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी गई हैं।

गुजरात के जामनगर स्थित डीकेवी कॉलेज में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर युवाओं के लिए 'भजन जैमिंग' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गुजरात की शिक्षा मंत्री रिवाबा जडेजा मौजूद रहीं। छात्रों ने गरबा और कई सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। जामनगर के अलग-अलग इलाकों में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ 'आशीर्वाद का दीया' समारोह भी आयोजित किए गए।

गुजरात के गिर सोमनाथ में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर सोमनाथ मंदिर में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम और महाआरती आयोजित की गई। मंदिर परिसर को दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। महाआरती के दौरान शंख और डमरू की ध्वनि से मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश के झांसी में मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 'सेवा संकल्प अभियान' और 15 दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक सेवा की यात्रा, सरकार की विभिन्न योजनाओं और वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने के विजन को प्रदर्शित किया गया है।

बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर दीया जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन 'यात्री सेवा अभियान' के तहत हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीया जलाकर की। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर करीब 25,000 मिट्टी के दीये जलाए गए और कई मंत्री, सांसद और नेता भी वहां मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेलीबांधा तालाब पर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसमें शामिल हुए।

विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री मोदी को आधुनिक भारत का ‘विश्वकर्मा’ बताते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने तक उन्होंने सार्वजनिक जीवन में लगातार 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि देशभर के लोग इस अवसर पर प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में मंत्री शंकर घोष ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कहा कि उनके नेतृत्व में भारत मजबूत, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर देश के रूप में आगे बढ़ा है। उन्होंने 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इन कार्यक्रमों में 'सेवा संकल्प', जनभागीदारी, सामाजिक सेवा और 'विकसित भारत 2047' के संदेश पर जोर दिया गया। कई राज्यों में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के जरिए लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी