नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच पिछले सप्ताह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई है। प्रधानमंत्री के आवास पर दोनों नेताओं के बीच यह बैठक करीब आधे घंटे चली। सीएम उमर अब्दुल्ला ने पहलगाम के वर्तमान स्थिति के साथ पीएम मोदी को अवगत कराया और आने वाले दिनों में क्षेत्र में सुरक्षा और शांति को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा की है।
पहलगाम में
22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद से यह दोनों नेताओं के बीच पहली मुलाकात थी। बता दें कि हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री को जमीनी हालात के बारे में जानकारी दी, खासकर घातक हमले को लेकर लोगों में व्याप्त आक्रोश और हिंसा के प्रति अपनी अस्वीकृति व्यक्त करने के लिए हर गली-मोहल्ले में हो रहे स्वतःस्फूर्त विरोध प्रदर्शनों के बारे में।






