नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र अंतर्गत बहलोलपुर पुलिस चौकी के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। घटना उस समय घटी जब बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क से गुजर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ था और संभवतः तेज रफ्तार में था।
हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बहलोलपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।






