Advertisement banner

नेपाल की एक और छात्रा की केआईआईटी भुवनेश्वर में संदिग्ध मौत

भुवनेश्वर के केआईआईटी छात्रावास में नेपाली छात्रा की संदिग्ध मौत, दो महीने में दूसरी घटना
Nepal student death

भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में एक और नेपाली छात्रा की संदिग्ध मौत होने की दुखद जानकारी सामने आई है। दरअसल गुरुवार रात संस्थान के ही एक छात्रावास में नेपाल की एक और छात्रा मृत पाई गई। उक्त 20 वर्षीय युवती नेपाल के बीरगंज की रहने वाली थी और इंजीनियरिंग की प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 

गौरतलब है कि केआईआईटी में दो माह में यह दूसरी घटना है जबकि नेपाल की एक अन्य छात्रा की आत्महत्या के बाद सामने आई है, जिससे संस्थान की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार शाम जब छात्रावास में उपस्थिति दर्ज की जा रही थी, तब छात्रा अनुपस्थित पाई गई। वार्डन ने उक्त छात्रा का नाम अनेक बार पुकारा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद रात करीब 8 बजे जब वार्डन छात्रा को देखने उसके कमरे में गईं, तो वह मृत अवस्था में मिली। इसके बाद इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। 

घटना की जानकारी दे रहे भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने बताया कि वो खुद मौके पर पहुंचे थे और यह एक संदिग्ध मौत का मामला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। मृतका के शव को एआईआईएमएस भुवनेश्वर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम मृतका के माता-पिता के पहुंचने के बाद ही किया जा सकेगा।   

यहां बताते चलें कि करीब दो माह पहले ही केआईआईटी के ही छात्रावास में नेपाल की एक अन्य छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। केआईआईटी में ही लगातार दो इस तरह की मौत वाली घटनाएं घटित होने से न केवल छात्र-छात्राओं में डर का माहौल व्याप्त है, बल्कि संस्थान के प्रबंधन और सुरक्षा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।