Advertisement banner

नेपाल आपदा पर राहत तेज करे केंद्र, जलवायु परिवर्तन पर विचार जरूरी: अधीर रंजन

नेपाल

मुर्शिदाबाद, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा के 'झूठ की गूंज' अभियान, नेपाल में आई भीषण आपदा और चीनी घोटाले के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी से भाजपा डरती है और इसी वजह से उनके खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नेपाल में राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के जवाब में 'झूठ की गूंज' वेबसाइट शुरू किए जाने पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है। बड़ी संगठनात्मक ताकत, संसाधन और पैसा होने के बावजूद राहुल गांधी का डर भाजपा को परेशान कर रहा है। भाजपा को पता है कि आज नहीं तो कल राहुल गांधी उसे सत्ता छोड़ने के लिए मजबूर कर सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने और राहुल गांधी के खिलाफ गलत बातें फैलाने के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी आने वाले समय में देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

नेपाल में आई भीषण आपदा पर कांग्रेस नेता ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भूकंप, हिमप्रवाह और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक घटनाओं के कारण नेपाल के बड़े हिस्से में गंभीर स्थिति पैदा हुई है। कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की आशंका चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि भारत से मानसरोवर जाने के लिए नेपाल के रास्ते का इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि मानसरोवर चीन के क्षेत्र में स्थित है। आपदा का प्रभाव नेपाल के साथ-साथ चीन में भी पड़ा है, लेकिन चीन की ओर से इस घटना को लेकर अपेक्षाकृत कम जानकारी सामने आ रही है। केंद्र सरकार से नेपाल को हर संभव राहत और सहायता उपलब्ध कराने की अपील करते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि भारत को अपने पड़ोसी देश की मदद के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने नेपाल की आपदा को जलवायु परिवर्तन से जोड़ते हुए कहा कि दुनिया में मौसम में हो रहे बदलाव और जलवायु परिवर्तन को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के पीछे जलवायु परिवर्तन की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। इस विषय पर ज्यादा ध्यान और गंभीर प्रयास की जरूरत है, क्योंकि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की आपदाएं बार-बार जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं।

चीनी घोटाले के आरोपों पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जब कोई शिकायत करती है तो तथ्यों और सबूतों के आधार पर करती है। चीनी घोटाले के कारण बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी आई है और प्याज के दाम भी आम लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सरकार पर कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से समय-समय पर बयान तो दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके