ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दादरी थाने की पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की कुल कीमत करीब 3 लाख 53 हजार रुपए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना दादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई में थाना दादरी पुलिस ने यशपाल रावल उर्फ बड़े, पुत्र प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू रावल, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को बिरयानी पुलिया के पास सेक्टर ज्यू-2 की सर्विस रोड, चौकी क्षेत्र अजायबपुर से पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 3 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से 3,270 रुपए नकद भी बरामद किए गए। इस मामले में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी यशपाल रावल उर्फ बड़े की उम्र करीब 22 वर्ष है। इसी क्रम में थाना दादरी पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए नाजिम मलिक पुत्र अजीज मलिक, निवासी ग्राम घोड़ी बछेड़ा, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को फोर्मी कंपनी के पीछे वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई गई है।
इसके साथ ही आरोपी के पास से 3,005 रुपए नकद भी बरामद किए गए। थाना दादरी पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 35.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 53 हजार रुपए बताई है।
इसके अलावा दोनों आरोपियों से 6,275 रुपए नकद बरामद हुए हैं। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी







