इकरा हसन के बयान से यूपी में सियासी घमासान, सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर उठे सवाल

सपा सांसद इकरा हसन के बयान से उठे सवाल, सपा-कांग्रेस गठबंधन का भविष्य अनिश्चित
इकरा

मुरादाबाद/लखनऊ, 22 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन के भविष्य को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सपा सांसद इकरा हसन के उस बयान के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को सिर्फ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही हरा सकते हैं और कांग्रेस अकेले कुछ खास नहीं कर सकती। इस बयान पर अब सपा और भाजपा दोनों तरफ से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

सपा सांसद इकरा हसन के बयान पर सपा नेता एसटी हसन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "असलियत यह है कि अगर उत्तर प्रदेश में कोई पार्टी भाजपा को हरा सकती है, तो वह समाजवादी पार्टी है। कांग्रेस के हमारे साथ आने से हमारी ताकत और बढ़ेगी। हम चुनावों के दौरान होने वाली सभी बेईमानी वाली हरकतों से भी निपट सकेंगे। हमें उम्मीद है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर अब सरकार बनाएंगे।"

वहीं सोमवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा था कि अखिलेश यादव कितने सक्रिय दिखते हैं, यह मायने नहीं रखता। अगर गठबंधन होना है तो उसे फाइनल किया जाना चाहिए। वरना, हम अपनी तैयारी खुद करेंगे। राजनीतिक माहौल- न सिर्फ यहां, बल्कि पूरे देश में- ऐसा है कि कांग्रेस के बिना आगे नहीं बढ़ा जा सकता। इमरान मसूद के इस बयान पर सपा नेता एसटी हसन ने कहा, "हमें ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहिए जिससे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़वाहट पैदा हो। हम इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। हमारे पास जवाब हैं और बहुत अच्छे जवाब हैं, लेकिन हम इस तरह से जवाब नहीं देना चाहते, क्योंकि हम साथ हैं।"

उन्होंने कहा कि हम लोग गठबंधन को लेकर कोई बयान नहीं दे सकते हैं। पार्टी के आलाकमान जो फैसला करेंगे, वहीं सबको मंजूर होगा।

बिहार के जमुई पर एसटी हसन ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। बिहार की घटना शर्मसार करने वाली है। बिहार से जिस तरह से एनडीए सरकार लोगों का विश्वास खो रही है, आज तक मैंने इतनी जल्दी लोगों का विश्वास खोते हुए नहीं देखा है। आने वाले समय में जवाब जनता देगी।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का काम लोगों को जाति में बांटने का है। इस तरह का काम करके ही ये लोग सत्ता में रहना चाहते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

सपा सांसद इकरा हसन के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा, "कांग्रेस पूरे देश में अकेले कुछ भी हासिल नहीं कर पाएगी और तब भी जब वह उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी या किसी और पार्टी के साथ गठबंधन कर ले। प्रदेश की जनता ने अपने दिलों में भाजपा सरकार के साथ गठबंधन कर लिया है।" उन्होंने कहा कि यूपी की जनता को एनडीए की सरकार पर पूरा विश्वास है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी