अमृतसर: पंजाब के मुक्तसर साहिब में गुरुवार-शुक्रवार रात एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि यहां काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। कुछ मजदूर तो खुद को बचाने में कामयाब हुए। लेकिन, इस धमाके में चार लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए हैं। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए घटना स्थल पर राहत-बचाव का कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना स्थल पर डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालुओं और समाजसेवी संगठनों की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में जिस वक्त धमाका हुआ, करीब 40 मजदूर काम कर रहे थे, उन 40 कर्मचारियों में से ही 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और आग से झुलस गए हैं। वहीं, कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। इस हादसे में घायल हुए लोगों को बठिंडा एम्स में भर्ती कराया गया है और सभी का इलाज जारी है।





