हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह हुई भगदड़ के बाद प्रशासन ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। प्रशासन के मुताबिक, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर खोज एवं बचाव का कार्य कर रही है। घटनास्थल से भीड़ को हटा दिया गया है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है।
उत्तराखंड के राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार सुमन ने एक पत्र जारी कर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। इसमें बताया गया कि 27 जुलाई को सुबह लगभग 9:00 बजे जनपद हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़ की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर एवं तुरंत ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस घटना में 6 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। घटना में 5 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। साथ ही 23 अन्य सामान्य घायल हैं, जिनमें 20 व्यक्तियों का उपचार हरमिलाप मिशन राजकीय चिकित्सालय, हरिद्वार में किया जा रहा है। इसके अलावा, 3 अन्य घायलों का उपचार मेला अस्पताल हरिद्वार में किया जा रहा है।






