Advertisement banner

चल रही सगाई रस्म, अचानक दुल्हन ने कर दिया शादी से इनकार

शादी से इनकार पर दूल्हे ने दुल्हन को मारी गोली, समारोह में मची अफरा-तफरी।
groom shoots bride

मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी जिले में एक सगाई कार्यक्रम चल रहा था इस दौरान दूल्हे ने दुल्हन को गोली मार दी। गोली लगने से दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना एक मैरिज होम में हुई, जहां शादी की रस्में अदा की जा रही थीं। इसके बाद हमलावर दूल्हा और उसके साथी मौके से फरार हो गए।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मामला तब बिगड़ गया जब युवती ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया क्योंकि उसे वह पसंद नहीं था। इस बात पर युवक नाराज हो गया। घटना से पहले, दोनों पक्षों का रिश्ता भोगांव के नगला रामसहाय और ग्राम सगामई के अमुख और दीपशिखा के बीच तय हुआ था। बुधवार को दोनों परिवार गोद भराई की रस्म के लिए शगुन मैरिज होम पहुंचे थे। जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं। 

बताया जा रहा है कि शादी की रस्म शुरू होने पर युवती ने अचानक शादी से इनकार कर दिया और कहा कि वह यह शादी नहीं करेगी क्योंकि उसे लड़का पसंद नहीं है। युवती के इनकार करने पर दूल्हे को गुस्सा आ गया। उसके पास तमंचा रखा था, उसने तुरंत निकाल और लड़की पर गोली दाग दी, जो उसके सिर में लगी और वह वहीं गिर गई। गोली चलने की आवाज पर शादी समारोह में भगदड़ मच गई। दूल्हा और उसके साथी मौके से फरार हो गए। 

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसपी सिटी और सीओ भोगांव ने भारी पुलिस बल के साथ तलाशी शुरू की है। दूल्हा और उसके साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।