महाराष्ट्र में सूखे पर कांग्रेस ने जताई चिंता, कहा-जानवरों के लिए भी नहीं बचेगा पानी

महाराष्ट्र में सूखे पर कांग्रेस की चिंता, केंद्र से मांगी किसानों की मदद
महाराष्ट्र

नागपुर, 22 सितंबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा ने महाराष्ट्र में सूखे के हालात पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से किसानों के लिए तत्काल मदद की मांग की है।

रामकृष्ण ओझा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अभी महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात हैं और सूखे की वजह से स्थिति बहुत खराब हो गई है। चारे की कमी है, किसान अपनी फसलों को लेकर बहुत परेशान हैं। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में जानवरों को भी पीने के लिए पानी नहीं मिलेगा। यह एक बहुत गंभीर समस्या है।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीये जलाए जाते हैं। दीये जलाने के बजाय अगर वह पैसा किसानों के लिए भेजा जाए, तो किसानों को बड़ी मदद मिलेगी।

ओझा ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के सबसे ज्यादा सांसद हैं और वे सभी किसानों की समस्याओं को लेकर चिंतित हैं। इस मुद्दे को लेकर पीएम मोदी से मुलकात भी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लाखों लोगों का सवाल है और इसमें कोई राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। महाराष्ट्र में सरकार को पूरी ताकत के साथ गांव-गांव तक उतरकर बड़ी संख्या में किसानों को आर्थिक मदद देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में किसानों की कर्ज माफी की गई थी, उसके बाद कोई बड़ी कर्ज माफी नहीं हुई। पुराने कर्ज के कारण आज भी किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। इसलिए केंद्र सरकार से निवेदन है कि वह तुरंत पूरी ताकत के साथ किसानों की मदद के लिए पैसा जारी करे।

वहीं, राज्य में सूखे की स्थिति को लेकर कांग्रेस सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, "प्रधानमंत्री से मिलना चाहिए और उन्हें हमारी स्थिति की असलियत बतानी चाहिए। असलियत बताने में कोई दिक्कत नहीं है और केंद्र सरकार मदद भी करती है, क्योंकि केंद्र सरकार ने सूखे के समय पहले भी मदद दी है। इसलिए निश्चित रूप से, जब सभी सांसद उनसे मिलेंगे, तो प्रधानमंत्री मोदी से सकारात्मक प्रतिक्रिया जरूर मिलेगी।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम