मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई पुलिस की ऐतिहासिक माउन्टेड यूनिट को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इस यूनिट में 70 नए पद बनाने को मंजूरी दे दी है। ये सभी पद 'घुड़सवारी खिलाड़ी' के तौर पर होंगे। इस संबंध में गृह विभाग ने 4 सितंबर, 2026 को सरकारी आदेश जारी किया है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, ये 70 नए पद मौजूदा पदों के समान वेतनमान पर ही बनाए जाएंगे। ग्रेटर मुंबई के पुलिस कमिश्नर के अधीन मौजूदा 70 पदों को सरकार को सरेंडर किया जाएगा और उनके बदले उसी पे-स्केल पर घुड़सवारी खिलाड़ी कैडर में 70 नए पद सृजित किए जाएंगे। इसका मतलब है कि पुलिस विभाग में कुल स्वीकृत पदों की संख्या में कोई इजाफा नहीं होगा, बल्कि मौजूदा 70 पदों को ही पुनर्गठित कर नए कैडर में बदला जाएगा।
दरअसल, मुंबई पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से सरकार को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव में कहा गया था कि माउन्टेड यूनिट की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए इसमें प्रोफेशनल घुड़सवारी खिलाड़ियों की नियुक्ति जरूरी है। इस प्रस्ताव को 6 जुलाई, 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च-स्तरीय सचिव समिति की बैठक में मंजूरी दी गई थी। समिति की हरी झंडी के बाद ही गृह विभाग ने यह आदेश जारी किया।
सरकार ने आदेश में यह भी निर्देश दिया है कि माउन्टेड पुलिस यूनिट के लिए अलग से सेवा प्रवेश नियम बनाए जाएं, ताकि घुड़सवारी खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी हो सके।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परिशिष्ट में बताए गए 70 पदों के अलावा यूनिट के लिए कोई अतिरिक्त पद नहीं बनाया जाएगा और न ही कोई अतिरिक्त फंड दिया जाएगा। घोड़ों के स्वास्थ्य, उनके भोजन और अस्तबल के प्रबंधन का काम भी उपलब्ध संसाधनों के भीतर ही करना होगा।
बता दें कि मुंबई पुलिस की माउन्टेड यूनिट न सिर्फ भीड़ नियंत्रण और गश्त के लिए अहम है, बल्कि यह पुलिस की शान भी मानी जाती है। राष्ट्रीय स्तर की घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में भी इस यूनिट ने कई बार मुंबई पुलिस का नाम रोशन किया है। नए खिलाड़ियों की नियुक्ति से यूनिट की ऑपरेशनल क्षमता तो बढ़ेगी ही, साथ ही खेल के क्षेत्र में भी मुंबई पुलिस की ताकत और बढ़ने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एससीएच







