पटना: लालू प्रसाद यादव एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। इस पर पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल लालू प्रसाद यादव के परिवार की पार्टी है। वह पार्टी के कर्मठ नेताओं को सर्वोच्च पद पर नहीं बैठाना चाहेंगे।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) लालू प्रसाद यादव के परिवार की पार्टी है, वह आजीवन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगे। पार्टी के कर्मठ नेताओं को लालू प्रसाद यादव कभी भी सर्वोच्च पद पर नहीं बैठाना चाहेंगे। लालू यादव को पता है कि एक राजनीतिक पार्टी के तले उन्होंने किस प्रकार से अपनी संपत्ति में इजाफा किया। अपने 15 साल के कार्यकाल के दौरान कुशासन किया, नौकरी के नाम पर गरीब लोगों की जमीनें लिखाई। इसमें कोई दुविधा नहीं थी कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष न बनें। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए लालू यादव हर प्रकार का हथकंडा अपनाने के लिए तैयार हैं।






