Advertisement banner

गौरव वल्लभ ने पीएम मोदी के खेल को बढ़ावा देने के कदम का किया समर्थन, राष्‍ट्रगीत विवाद पर विपक्ष को घेरा

गौरव

कोलकाता, 27 अगस्‍त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गौरव वल्लभ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेल को बढ़ावा देने के कदम का समर्थन किया और रक्षाबंधन पर जादवपुर यूनिवर्सिटी के पास 'वंदे मातरम' के सभी छह पद गाने की योजना की घोषणा की।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से 'खेलो इंडिया डायलॉग-खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ के तहत देश भर के युवा एथलीटों को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा, "आप सभी ने शानदार तरीके से खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया है। इसके लिए सभी को बधाई। तकनीक के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े केंद्रीय मंत्रीमंडल के मेरे साथी, राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, संसद में मेरे साथी। 'माय भारत' के लाखों स्वंयसेवकों का मैं अभनिंदन करता हूं।"

गौरव वल्लभ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मुहिम है कि किस तरह से देश के युवाओं को विकसित भारत-2047 के संकल्‍प में जोड़ा जाए। उनका मानना है कि जो खेलेगा वही खिलेगा। पीएम मोदी ने खेलों के प्रति व्‍यापक दृष्टिकोण स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले पर संबोधन के दौरान भी जिक्र किया था। भारत ओलंपिक-2036 की मेजबानी का प्रयास कर रहा है। आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स गेम 2030 में भारत में आयोजित होना है। प्रधानमंत्री का लक्ष्‍य खेल को देश की राष्‍ट्रीय एकता-अखंडता का प्रतिनिधित्‍व करने पर है।

भाजपा नेता ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि किसी भी राजनीतिक दल को राष्‍ट्रीय गीत, राष्‍ट्रीय पशु-पक्षी और राष्‍ट्रीय गीत पर अपनी संकुचित-संकीर्ण राजनीति नहीं करनी चाहिए। अगर कोई कहता है कि मैं राष्‍ट्रीय गीत तो गाऊंगा, लेकिन उसके दो पद ही। ये एक तरह से राष्‍ट्रीय गीत और भारत की गौरवशाली परंपरा का अपमान करना है। राष्‍ट्रीय गीत देश की एकता और अखंडता को मजबूत करता है,उसका कोई अवहेलना करता है तो तुष्‍टीकरण की राजनीति कहलाएगा।

उन्‍होंने कहा कि देश में भारत की राष्‍ट्रगीत का, राष्‍ट्रीय धरोहर और तिरंगे का सम्‍मान करना पड़ेगा।

--आईएएनएस

एएसएच/डीएससी