नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के 'वंदे मातरम' गायन के दौरान खड़े रहने को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला के रुख का स्वागत करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान श्रीराज नायर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वंदे मातरम के पूरे छह छंदों का गायन हुआ है और इसे पूरे देश में गाया जाना चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सभी लोगों ने मिलकर वंदे मातरम को गाया और इससे प्रेरणा ली थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद कांग्रेस ने जिस तरह की राजनीति की, उसमें हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाने का प्रयास किया गया और एक धर्म विशेष के तुष्टीकरण की राजनीति की गई। कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हारने के बावजूद अपनी राह नहीं बदल रही है और लगातार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। आने वाले समय में कांग्रेस का और बुरा हाल होने वाला है। विपक्ष की भूमिका अहम होती है, लेकिन ऐसी परिवारवादी पार्टियों को आगे भी अपने फैसलों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
दूसरी ओर, 'हनुमान अंश' फिल्म को लेकर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के बयान पर भाजपा नेता नंद किशोर गुर्जर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर आपत्ति जताने वालों को शर्म आनी चाहिए। अगर किसी फिल्म में मुस्लिम समाज से जुड़ा कोई अच्छा किरदार होता है तो ये लोग उसकी सराहना करते हैं, लेकिन सनातन से जुड़ी फिल्म आने पर इन्हें दिक्कत होने लगती है। बाबा नीम करौली भगवान शिव के रुद्र रूप हनुमान के अवतार हैं। जहां उन्हें याद किया जाता है, वहां उनका आशीर्वाद मिलता है।
नंद किशोर गुर्जर ने फिल्म की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि कम बजट में बनी यह फिल्म करोड़ों रुपए की कमाई कर चुकी है। इसीलिए राशिद अल्वी को सनातन से जुड़ी फिल्मों से परेशानी है। हिंदू जाग रहा है और मैंने यह फिल्म देखी है, बल्कि पूरी विधानसभा को भी यह फिल्म दिखाई है। यह बहुत शानदार फिल्म है। प्राचीन काल में हमारा देश कैसा था, यह फिल्म उस दौर की झलक दिखाती है और दिल को छू लेने वाली है।
उन्होंने फिल्म की सफलता को बाबा नीम करौली का चमत्कार बताते हुए कहा कि फिल्म ने धूम मचा दी है। 2047 तक भारत विकसित बनेगा। उन्होंने फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने के सवाल पर कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री विचार करेंगे।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम







