नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए आवास और शहरी विकास निगम लिमिटेड (हुडको) ने डिप्टी जनरल मैनेजर सहित कई पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
हुडको की ओर से जारी रिक्तियों में डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-5) - प्रोजेक्ट्स डिसिप्लिन के 1, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (ई-4) - प्रोजेक्ट्स डिसिप्लिन के 1, डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-5) - फाइनेंस डिसिप्लिन के 3 और सीनियर मैनेजर (ई-3) - फाइनेंस डिसिप्लिन के 3 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 अगस्त की सुबह 10.30 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे हुडको की आधिकारिक वेबसाइट पर तय अंतिम तिथि की शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रोजेक्ट्स डिसिप्लिन पदों के लिए सिविल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स/मैकेनिकल इंजीनियरिंग या इसके समकक्ष विषय में बैचलर डिग्री, जिसमें कम से कम 60 प्रतिशत मार्क्स या इसके बराबर सीजीपीए/ग्रेड हो और एमबीए/फाइनेंस स्पेशलाइजेशन के साथ दो वर्ष का पीजी डिप्लोमा वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, फाइनेंस डिसिप्लिन पदों के लिए उम्मीदवारों के पास सीए/सीएमए या दो वर्ष का फुल-टाइम एमबीए/पीजी डिप्लोमा फाइनेंस स्पेशलाइजेशन के साथ कम से कम 60 प्रतिशत मार्क्स या बराबर सीजीपीए/ग्रेड के साथ होना चाहिए। इसके अलावा दोनों पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 5 से 11 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 35 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 60,000 से 2,20,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी-एनसीएल के लिए 1,500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी







