Himanta Biswa Sarma Statement : असम में भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी : मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा

हिमंता बिस्वा सरमा का भरोसा: असम में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में बनी रहेगी
असम में भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी : मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा

अगरतला: असम के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने गुरुवार को विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी राज्य में सत्ता बरकरार रखेगी। ये चुनाव कुछ महीनों में होने वाले हैं।

त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर स्थित माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सरमा ने कहा कि असम विधानसभा चुनावों की तारीखें इस साल फरवरी में घोषित की जाएंगी और भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें पूरा भरोसा है कि पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने कहा कि अगर आज चुनाव होते तो नतीजे निश्चित रूप से भाजपा के पक्ष में होते। हालांकि, सरमा ने कहा कि राजनीति अप्रत्याशित है और चुनाव परिणामों के बारे में कोई भी भविष्यवाणी करना जल्दबाजी होगी। फिर भी, उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा इस समय असम में बहुत मजबूत स्थिति में है।

मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि असम में चुनाव विकास और पहचान के दो प्रमुख मुद्दों पर लड़े जाएंगे। शर्मा ने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले चुनाव घोषणापत्र में जनता से किए गए सभी वादों को 100 प्रतिशत पूरा किया है।

असम के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में 1.60 लाख युवाओं को रोजगार दिया है और अब योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी कदाचार या भ्रष्टाचार के रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार बांग्लादेश सीमा पार से अवैध घुसपैठ को रोकने के राष्ट्रीय प्रयासों में पर्याप्त योगदान नहीं दे रही है। उनके अनुसार, असम और त्रिपुरा बांग्लादेश से घुसपैठियों को गिरफ्तार करने के लिए त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में ऐसे प्रयास देखने को नहीं मिल रहे हैं।

गुरुवार दोपहर को अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर पहुंचने पर सरमा का स्वागत त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य, परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी और भाजपा नेता बिपिन देबबर्मा ने किया। भाजपा सूत्रों ने बताया कि सरमा गुरुवार रात को राज्य भाजपा नेताओं के साथ बैठकें कर सकते हैं।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...