Hema Malini : हेमा मालिनी ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की

हेमा मालिनी और सीएम रेखा गुप्ता के बीच विकास व स्वास्थ्य मुद्दों पर अहम बैठक
हेमा मालिनी ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की

नई दिल्ली: सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा, “इस अवसर पर विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।”

इससे पहले, विश्व कैंसर दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘जन-जन जागे, कैंसर भागे’ अभियान में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव के साथ हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि व्यक्ति की मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करती है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल इलाज तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके लिए समाज के सामूहिक सहयोग और मानवीय संवेदनशीलता की भी जरूरत है।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर धीरे-धीरे दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ बनते जा रहे हैं। फिलहाल, राजधानी में करीब 350 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं, जहां मुंह, स्तन और सर्वाइकल कैंसर की मुफ्त जांच के साथ-साथ दवाइयां, टीकाकरण और जरूरी जांच सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है और अब तक 43 करोड़ से अधिक लोग इसमें पंजीकृत हो चुके हैं। दिल्ली में भी लाखों लोग इस योजना के तहत स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि देशभर में 16,000 से अधिक जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कई दवाइयां 90 प्रतिशत तक सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं। आम लोगों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां पहुंचाने के लिए दिल्ली में भी इन केंद्रों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के प्रमुख केंद्रीय अस्पतालों—एम्स, सफदरजंग और राम मनोहर लोहिया अस्पताल—के लिए 10,000 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया है।

इससे चिकित्सा ढांचे को मजबूत किया जाएगा, आधुनिक उपकरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों को बेहतर, सुलभ और सम्मानजनक इलाज मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जनसेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहे सभी संस्थानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...