Advertisement banner

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी, कोलकाता समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

पश्चिम

कोलकाता, 3 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा के बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को अगले 24 घंटों के लिए आठ जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, कोलकाता, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, नादिया, पूर्वी बर्दवान और बीरभूम जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है, जबकि चेतावनी अवधि के दौरान कुछ क्षेत्रों में लगातार गरज के साथ बारिश हो सकती है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही बारिश शुरू हो चुकी है और दिन में व्यापक रूप से गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। कई दक्षिणी जिलों में भी भारी बारिश की आशंका है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।

कोलकाता में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था, जबकि बुधवार का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। शहर में बुधवार को 78.2 मिमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने गुरुवार को बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण बंगाल में शुक्रवार से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है। लेकिन, छिटपुट गरज के साथ बारिश जारी रहने की उम्मीद है। सोमवार से दक्षिणी जिलों में मौसम की स्थिति फिर से बिगड़ सकती है।

इस बीच, उत्तरी बंगाल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। गुरुवार को भी दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूच बिहार जिलों में यही स्थिति बनी रहने की आशंका है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूच बिहार और उत्तरी दिनाजपुर में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में आने वाले दिनों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार में भी भारी बारिश की आशंका है और जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी