नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। गायत्री परिवार के संस्थापक आचार्य श्रीराम शर्मा को उनकी जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने याद करते हुए नमन किया है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, "युगदृष्टा मनीषी, अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर सादर नमन। उन्होंने अध्यात्म और विज्ञान के मध्य सेतु स्थापित करते हुए गायत्री साधना, भारतीय ज्ञान-परंपरा तथा धर्म-दर्शन के गूढ़ तत्वों को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाया। वेद, उपनिषद, पुराण और भारतीय संस्कृति के मर्म को लोककल्याण से जोड़ते हुए उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन मानवता के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक उत्थान को समर्पित किया। उनके ओजस्वी विचारों और तपःपूत जीवन से प्रज्वलित ज्ञान-ज्योति सदैव मानवता को सेवा, साधना और सद्भाव के पथ पर आलोकित करती रहेगी।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, "अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक, युगद्रष्टा एवं तपोनिष्ठ संत पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। 'हम बदलेंगे, युग बदलेगा' जैसे पावन उद्घोष के माध्यम से उन्होंने सनातन के मानबिंदुओं पर पुष्पित-पल्लवित एक संस्कारित समाज के निर्माण में अपना जीवन अर्पित कर दिया। उनके उच्च आदर्श सदैव राष्ट्र के नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।"
दिल्ली की रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, "अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मानव कल्याण को समर्पित उनका जीवन और प्रेरणादायी विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।"
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, "अखिल भारतीय गायत्री परिवार के संस्थापक एवं महान विचारक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर उन्हें सादर नमन। मानवता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के प्रति उनके विचार एवं संदेश आज भी समाज को सद्मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "अखिल भारतीय गायत्री परिवार के संस्थापक, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन! सांस्कृतिक, सामाजिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए समर्पित उनके पावन विचार सदैव मानवता का कल्याण करते रहेंगे।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट में कहा, "अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक, युगदृष्टा एवं महान आध्यात्मिक गुरु पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन! उन्होंने गायत्री साधना, यज्ञ और संस्कारों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागरण एवं सकारात्मक परिवर्तन की अलख जगाई। उनके विचार और साहित्य आज भी मानवता को सेवा, संयम और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।"
बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, "आध्यात्मिक नवचेतना के प्रणेता, महान अध्यात्मवेत्ता, दार्शनिक एवं ‘अखिल भारतीय गायत्री परिवार’ के संस्थापक आचार्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने अपने विचारों, साधना और तप के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागरण, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण की चेतना का संचार किया। उनका जीवन और संदेश सदैव मानवता के कल्याण एवं सत्पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस





