Advertisement banner

गुरुग्राम: हिट एंड रन मामले में एसआईटी गठित, एसीपी की निगरानी में होगी जांच

गुरुग्राम हिट एंड रन मामले: पुलिस ने एसआईटी का गठन किया, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी
गुरुग्राम:

गुरुग्राम, 16 सितंबर (आईएएनएस)। गुरुग्राम के चर्चित गोल्फ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। यह एसआईटी एसीपी की निगरानी में पूरे मामले की जांच करेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी में एसीपी के अलावा एक थाना प्रभारी, एक क्राइम ब्रांच प्रभारी और 2 एएसआई को शामिल किया गया है। टीम को जल्द से जल्द जांच पूरी कर साक्ष्य जुटाने और आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुरुग्राम की एक अदालत ने बुधवार को गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर को टक्कर मारने के आरोपी ड्राइवर कल्याण बैंसला और उसके कजिन को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

आरोपी कल्याण बैंसला और उसके कजिन लवनीश को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (जेएमएफसी) निधि बेनीवाल के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया। दोनों आरोपियों को 18 सितंबर को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस द्वारा राजस्थान के दौसा से बैंसला और हरियाणा के पलवल से लवनीश को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद हुई है। आरोप है कि घटना के समय लवनीश भी बैंसला के साथ कार में मौजूद था। कार में कुल चार लोग सवार थे।

गुरुग्राम पुलिस ने पहले इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या की कोशिश) को एफआईआर में जोड़ा है। यह धारा तब जोड़ी गई जब पीड़िता सिया और उसके परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से संपर्क किया।

दरअसल, यह मामला तब दर्ज किया गया था, जब पुलिस ने गोल्फ कोर्स रोड पर एक तेज रफ्तार कार द्वारा महिला बाइकर को टक्कर मारने का वीडियो देखकर खुद ही संज्ञान लिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।

विस्तृत जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने हत्या की कोशिश का आरोप जोड़ा, जिसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

वहीं, पीड़िता सिया ने भी बुधवार को कार में सवार चारों लोगों के लिए कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज में सही संदेश देना जरूरी है।

सिया ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मुझे अदालत से बहुत उम्मीदें हैं और मैं इस मामले में न्याय चाहती हूं। मैंने कल अदालत में कहा था कि कार में सवार चारों लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि कोई भी ऐसी हरकत करने के बारे में सोचने से पहले दो बार सोचे।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी