नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद बदमाश को गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ रोहिणी के बेगमपुर थाना क्षेत्र में हुई है। बदमाश की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जिसे कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। यह कई मामलों में वांछित था। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश दीपक के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते दिनों हरियाणा के रोहतक में बदमाशों ने फायरिंग में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में स्पेशल सेल की टीम लगातार जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध रोहिणी में देखा गया है। इसके बाद इंस्पेक्टर संदीप डबास के नेतृत्व में स्पेशल सेल की टीम की ओर से रोहिणी इलाके में जाल बिछाया गया।
