नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। एनडीए की चुनावी रणनीति, भाजपा के जेन-जी तक पहुंचने के प्रयासों, आरक्षण और राहुल गांधी की टिप्पणियों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और मोहम्मद जावेद की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए राहुल गांधी के महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देने के बयान पर भाजपा की ओर से आरोप लगाए जाने पर इमरान मसूद ने कहा, "उनकी मां भी वहां रही हैं और यूपीए की चेयरपर्सन के तौर पर काम किया है। पहले अपनी पार्टी को तो देखिए। क्या आपकी पार्टी में कोई ऐसी महिला है जिसके लिए टॉप लीडरशिप के बगल में कुर्सी लगाई जाती हो? क्या किसी महिला को आपके टॉप नेताओं के बगल में ऐसी जगह दी गई है? हमारी पार्टी में महिलाएं टॉप लेवल से नेतृत्व करती हैं। कृपया हमें इस बारे में लेक्चर न दें।"
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संबोधन पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "राहुल गांधी हमेशा ठोस तथ्यों के आधार पर बात करते हैं। उनका कोई भी बयान खोखला या हवा-हवाई नहीं होता। राहुल गांधी का एक भी ऐसा बयान बताइए जो अब तक गलत साबित हुआ हो।"
आरक्षण को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का कहना है, "यह सही है, लेकिन वह जिस सरकार का हिस्सा हैं, वही आरक्षण खत्म करना चाहती है। अब, ये विरोधाभासी बयान हैं।" एक देश एक चुनाव पर उन्होंने कहा, "देखिए, 'एक देश, एक चुनाव' कोई आसान बात नहीं है। इसमें कई पेचीदगियां शामिल हैं।"
कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सवाल उठाए जाने को लेकर कहा कि राहुल गांधी को लोगों से जो मोहब्बत मिल रही है, उससे भाजपा बौखलाई हुई है। लोगों का ध्यान बांटने के लिए भाजपा की ओर से अलग-अलग तरह की बातें की जा रही हैं, इसका कोई आधार नहीं है।
'वंदे मातरम' को लेकर मोहम्मद जावेद ने कहा कि 'वंदे मातरम' को सम्मान से सबसे पहले हमने गाया था। उसमें भाजपा और आरएसएस का क्या रोल था, उसको दुनिया जानती है। जिस संस्था ने लगभग 50 वर्षों से ज्यादा तक अपने कार्यालय में तिरंगा झंडा न फहराया हो, जिसने संविधान को जला दिया हो, वह देशभक्ति और राष्ट्रीय गीत की बात करे, तो अजीब लगता है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस







