नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "ब्रिक्स समिट में कई बड़ी वैश्विक शक्तियां हिस्सा ले रही हैं। भारत ने खुद को एक वैश्विक शक्ति और उभरती हुई आर्थिक और रणनीतिक ताकत के तौर पर स्थापित किया है।"
उन्होंने कहा कि हम लोगों को इंतजार है कि ब्रिक्स के माध्यम से भारत में बड़े पैमाने पर निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने वाले हैं। यह हम सबके लिए गौरवपूर्ण क्षण है। सभी मेहमानों का भारत की धरती पर स्वागत है।"
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, "ब्रिक्स बैठक में आपसी सहमति से बहुत से देशों के बीच बातचीत होती है। मखाने को लेकर उन्होंने कहा कि हम लोगों के लिए बहुत ही खुशी की बात है कि बिहार का उत्पाद दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। हम बिहारवासियों के लिए बहुत ही गर्व की बात है।
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, "2500 से ज्यादा पुलिस सुरक्षा में लगाई गई, बीएसएफ लगा दी गई है। ब्रिक्स का नतीजा क्या निकलेगा? मुझे नहीं लगता कि ब्रिक्स का भारत के हक में कोई नतीजा निकलने वाला है। यह हर वर्ष होता है, अगले वर्ष रूस में होना है। ऐसा नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी, रूसी राष्ट्रपति पुतिन से पहली बार मिल रहे हैं और दूसरे राष्ट्राध्यक्षों से पहली बार मिल रहे हैं। यह एक तमाशा है और इसके अलावा कुछ नहीं है।"
शशि थरूर की ओर से ब्रिक्स की तारीफ किए जाने को लेकर राशिद अल्वी ने कहा, "सबकी अपनी-अपनी राय है। अगर कोई तारीफ कर रहा है तो वो अपने हिसाब से कर रहा है। उनको लगता होगा कि इससे फायदा होगा, लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता कि ब्रिक्स का भारत को कोई फायदा होगा।"
--आईएएनएस
एसडी/वीसी







