नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अपमान करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने खड़गे के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए इसे दलित और आदिवासी समुदाय का अपमान बताया है। भाजपा नेताओं की ओर से माफी मांगने की मांग तेज हो गई है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इसे भाजपा की घटिया मानसिकता करार दिया है।
मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र है। वे आदिवासी के तौर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक प्रतीक के रूप में पेश करते हैं, जबकि जमीन पर वे आदिवासी समुदायों का शोषण करते हैं। छत्तीसगढ़ में आदिवासियों पर अत्याचार कर रहे हैं। हजारों पेड़ों को काटा जा रहा है उनकी जमीन, जंगल और पानी छीना जा रहा है। यह लगातार अल्पसंख्यक, दलित और कमजोर वर्गों को परेशान कर रहे हैं। यह भाजपा की मानसिकता है।






