Bihar Law And Order : नववर्ष पर बिहार में कानून व्यवस्था का सख्ती से होगा पालन, मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक

नववर्ष पर बिहार में सख्त सुरक्षा, मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश
नववर्ष पर बिहार में कानून व्यवस्था का सख्ती से होगा पालन, मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय बैठक

पटना: बिहार में नववर्ष पर कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन को लेकर मंगलवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 दिसंबर और एक जनवरी के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सख्ती के साथ लागू रहनी चाहिए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं एसपी को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों तथा प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी चिह्नित एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा पहले से लगे कैमरों की कार्यशीलता की नियमित जांच की जाए। पार्कों, पिकनिक स्पॉट्स एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार द्वारा भी सभी जिलाधिकारियों एवं एसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीजीपी ने कहा कि वर्ष के अंतिम दिन एवं नव वर्ष के अवसर पर युवाओं में शराब एवं नशीले पदार्थों की मांग रहती है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए। जहां भी शराब या ड्रग्स से संबंधित सूचना प्राप्त हो वहां नियमित रूप से छापेमारी की जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाए। वरीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सही ढंग से ब्रीफिंग एवं डी-ब्रीफिंग करने की भी उन्होंने बात कही। डीजीपी ने गलियों, चौक-चौराहों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बाइकर्स गैंग पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। सीमावर्ती इलाकों में ड्रग्स एवं अवैध हथियारों के लेन-देन को रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों से तत्काल पूछताछ करने के निर्देश भी दिए गए। इस महत्वपूर्ण बैठक में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज दराद सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...