Advertisement banner

अवधेश प्रसाद का संजय निषाद पर पलटवार, पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, भाजपा पर भी कसा तंज

अवधेश प्रसाद का संजय निषाद पर पलटवार, 2027 में सपा सरकार बनाने का दावा
अवधेश

अयोध्या, 17 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी को सपा की 'बैसाखी' की जरूरत नहीं है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि वास्तव में बैसाखी की तलाश संजय निषाद को ही है और उन्हें यह अच्छी तरह पता है कि वे इस समय 'डूबती नैया' के सहारे चल रहे हैं।

सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि संजय निषाद खुद राजनीतिक सहारे की तलाश में हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दूसरों पर बैसाखी का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें अपनी स्थिति भी देखनी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि वह अपनी ओर से तथा समाजवादी पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं प्रसन्न जीवन की कामना भी की।

वहीं, आगरा के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित होने वाले पीडीए महासम्मेलन को लेकर उन्होंने खुशी जताई। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पीडीए से जुड़े सभी लोग बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल हों, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उनका कहना है कि यह सम्मेलन सामाजिक न्याय और पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्गों की आवाज को मजबूत करने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक लाख लोगों को रोजगार देने के वादे पर सवाल उठाते हुए अवधेश प्रसाद ने इसे 'चुनावी स्टंट' करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने और लोगों के बैंक खातों में 15 लाख रुपए भेजने का वादा किया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी ये वादे पूरे नहीं हुए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब भाजपा सरकार के वादों को समझ चुकी है और ऐसे दावों पर भरोसा नहीं करती। अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की जनता की उम्मीदें अब समाजवादी पार्टी और पीडीए से जुड़ गई हैं।

सपा सांसद ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर युवाओं को सरकारी नौकरियां, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तथा किसानों को अतिरिक्त सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करेगी, उसे पूरा भी करेगी।

अंत में अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि भाजपा को 50 सीटें भी मिल जाती हैं तो यह सबसे बड़ा अजूबा होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी