Advertisement banner

असम के युवक ने हैक अकाउंट से दी सीएम को धमकी, गिरफ्तारी के बाद बताया कारण

असम

गुवाहाटी, 31 अगस्त (आईएएनएस)। असम में एक व्यक्ति का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक शख्स को केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 2 करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी थी। पुलिस साइबर गतिविधियों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

आरोपी की पहचान नगांव के जुरिया पुलिस थाना क्षेत्र के रहने वाले रशीदुल हक के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, रशीदुल हक ने जुरिया के गदाईमारी के रहने वाले मुबारक अली के सोशल मीडिया अकाउंट का अनधिकृत एक्सेस हासिल किया और उस अकाउंट का इस्तेमाल मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को जान से मारने की धमकी देने वाला मैसेज पोस्ट कर दिया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अकाउंट के पीछे के व्यक्ति की पहचान करने और धमकी से जुड़े हालात का पता लगाने के लिए जांच शुरू की। इसके बाद संदिग्ध की लोकेशन केरल में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी हक ने पुलिस को बताया कि उसका मुबारक अली से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद उसने बदला लेने की भावना से अली का सोशल मीडिया अकाउंट को हैक किया था।

हक के मुताबिक, मुबारक अली के उसकी पत्नी से संबंध बन गए थे। बाद में वह दिव्यांग बच्चे को छोड़कर मुबारक सके साथ चली गई थी। हक ने यह भी दावा किया कि उसकी पत्नी घर से 5 लाख रुपए भी ले गई थी।

अधिकारी अकाउंट से जुड़े डिजिटल फुटप्रिंट की भी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसे कैसे एक्सेस किया गया और क्या इस कथित काम में कोई और भी शामिल था।

पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों, सोशल मीडिया एक्टिविटी और आरोपी व अकाउंट होल्डर के बीच निजी विवाद की जांच करने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने कहा कि जांच का मकसद धमकी भरे पोस्ट तक ले जाने वाली घटनाओं के क्रम का पता लगाना और लागू होने वाले कानूनी प्रावधानों को तय करना होगा।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सार्वजनिक हस्तियों को दी जाने वाली धमकियों और संभावित रूप से आपराधिक कंटेंट फैलाने के लिए डिजिटल अकाउंट के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी