रायपुर: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आतंकवाद के मामले पर विश्व को भारत के रुख के प्रति अवगत कराने के लिए ऑल पार्टी डेलिगेशन भेजने को निर्णय महत्वपूर्ण बताया है। ऑल पार्टी डेलिगेशन में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों को शामिल किए जाने पर साव ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के सांसद दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बारे में बताएंगे।
रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद भारत ने बहादुरी और रणनीतिक तरीके से पाकिस्तान में कई किलोमीटर अंदर जाकर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ऑपरेशन चलाया। उसके बाद पाकिस्तान में जो दृश्य देखने को मिले, जिसमें पाकिस्तानी सेना, पुलिस, स्थानीय राजनेता और सैन्य अधिकारी आतंकियों के जनाजे में शामिल हुए, उससे साफ साबित होता है कि पाकिस्तान आतंकियों को संरक्षण और समर्थन दे रहा है, जो दुनिया के लिए खतरा है। पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद भ्रम फैलाने की कोशिश की। दुनिया के सामने पाकिस्तान की सच्चाई आनी चाहिए।
