logo
Advertisement banner

अरुणाचल प्रदेश के बोर्डुमसा में ड्रग पेडलर गिरफ्तार, 56.91 लाख रुपए की हेरोइन बरामद

अरुणाचल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 56.91 लाख रुपए की हेरोइन जब्त
अरुणाचल प्रदेश के बोर्डुमसा में ड्रग पेडलर गिरफ्तार, 56.91 लाख रुपए की हेरोइन बरामद

चांगलांग, 14 सितंबर (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने असम राइफल्स के जवानों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि चांगलांग की बोर्डुमसा पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने बोर्डुमसा के लालुंग क्षेत्र में विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया। इस दौरान 50 वर्षीय जादू सिंघफो को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 75.89 ग्राम हेरोइन नंबर-4, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 56.91 लाख रुपए है, बरामद की गई।

गिरफ्तार व्यक्ति को बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान के साथ आगे की जांच व पूछताछ के लिए बोर्डुमसा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी व वितरण पर अंकुश लगाने तथा सक्रिय ड्रग नेटवर्क को बाधित करने के लिए असम राइफल्स और सिविल पुलिस के निरंतर संयुक्त प्रयासों को दर्शाती है।

इससे पहले, अगस्त में चांगलांग जिले के नोंगकी गांव के पास असम राइफल्स और अरुणाचल प्रदेश पुलिस की एक संयुक्त टीम ने म्यांमार के दो नागरिकों को हिरासत में लिया। ये गिरफ्तारियां अरुणाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ तेज की गई कार्रवाई के बीच हुईं।

सुरक्षाकर्मियों ने साबुन की 10 डिब्बियों में छिपाकर रखा गया 130.09 ग्राम पदार्थ भी बरामद किया। जब्त किए गए पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 26 लाख रुपए आंकी गई।

म्यांमार के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास होने के कारण चांगलांग एक चिंताजनक इलाका बना हुआ है। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस जिले का इस्तेमाल तेज़ी से उस नशीले पदार्थ के लिए ट्रांजिट रूट के तौर पर किया जा रहा है जो कथित तौर पर सीमा पार से भारत में आता है।

--आईएएनएस

डीसीएच/