Vijay Political Entry : विजय के चेन्नई से मैदान में उतरने पर विचार, पार्टी में उत्साह

विजय की टीवीके पार्टी ने तमिलनाडु चुनाव में उम्मीदवारों के लिए फॉर्म जारी किए
तमिलनाडु चुनाव: विजय के चेन्नई से मैदान में उतरने पर विचार, पार्टी में उत्साह

चेन्नई: अभिनेता और राजनेता विजय अपनी पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (टीवीके) के जरिए तमिलनाडु के चुनावी मैदान में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस कड़ी में पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे गए, जिस पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

पार्टी सूत्रों की मानें तो, विजय फिलहाल चेन्नई के दो निर्वाचन क्षेत्रों, वेलाचेरी और विरुगमबक्कम के बीच अपने विकल्प पर विचार कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने विक्रवंडी, वेदारण्यम और वेदसंदूर जैसे अन्य क्षेत्रों पर भी विचार किया था, लेकिन इन जगहों पर प्रचार में आने वाली मुश्किलों को देखते हुए उन्होंने रणनीति बदलने का फैसला किया।

नेताओं का मानना है कि राजधानी शहर से चुनाव लड़ने से विजय आसानी से अपने प्रचार को मैनेज कर पाएंगे और शहरी क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।

टीवीके ने अपने सदस्यता अभियान और उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के लिए पनायुर मुख्यालय में आवेदन फॉर्म वितरित करना शुरू किया। केवल 90 मिनट में लगभग दस हजार फॉर्म वितरित किए गए। यह संख्या दर्शाती है कि विजय के नेतृत्व में लोगों के बीच पार्टी में भागीदारी लेने को लेकर कितना जोश है। फॉर्म वितरण का सिलसिला 14 फरवरी तक रोज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

हालांकि, भारी भीड़ जमा होने के कारण पनायुर में रहने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटी और पतली गलियों के चलते भारी ट्रैफिक की स्थिति बन गई है और गाड़ियां सड़क के दोनों तरफ खड़ी होने से आने-जाने में मुश्किल हो रही है।

स्थानीय निवासियों की शिकायत है कि घरेलू कामगार और आपातकालीन सेवाओं को काम करने में कठिनाई हो रही है। इस पर स्थानीय वेलफेयर एसोसिएशन ने पुलिस से अपील की है कि भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण बेहतर तरीके से किया जाए।

उन्होंने साफ किया कि वे किसी राजनीतिक गतिविधि के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सार्वजनिक आयोजन मोहल्ले की सुविधाओं के नुकसान पर नहीं होना चाहिए।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...