Advertisement banner

19 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद ने की ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से जुड़ने की अपील

राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे
19

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्रों और युवाओं से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह छात्रों से मिलने, उनकी समस्याएं सुनने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए इंदौर आ रहे हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, ''19 सितंबर को इंदौर आ रहा हूं, छात्रों से मिलने, आपको सुनने और आपसे बात करने। अगर आप या आपके अपने शिक्षा व्यवस्था की परेशानियों से प्रभावित हैं और चाहते हैं कि हालात बदलें, तो ‘छात्रों की गूंज’ आपकी सामूहिक आवाज है। यह बदलाव की शुरुआत करने का एक मौका है।'' उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के हर पहलू और छात्रों के संघर्षों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

दरअसल, राहुल गांधी का यह छात्र संवाद कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को आयोजित होना था, लेकिन अब इसे एक सप्ताह के लिए टालकर 19 सितंबर कर दिया गया है। कांग्रेस पार्टी ने पहले इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए इंदौर के नेहरू स्टेडियम में अनुमति मांगी थी, लेकिन जिला प्रशासन ने एक लंबित न्यायिक मामले का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

इंदौर स्टेडियम का उपयोग करने की अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए शहर में एक वैकल्पिक स्थान किराए पर लेने के लिए भुगतान किया। कांग्रेस नेताओं ने पुष्टि की कि पार्टी ने कार्यक्रम के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण से क्षेत्रीय पार्क के सामने 12,000 वर्ग मीटर भूमि का तीन दिवसीय पट्टा हासिल कर लिया है।

इससे पहले 11 सितंबर को राहुल गांधी ने छात्रों से कहा था, "मेरे प्यारे छात्रों, युवाओं और भारत के जेनजी, आपके साथ सारा देश देख रहा है कि आज एक टूटी हुई शिक्षा व्यवस्था ने आपकी उम्मीदों की लौ को बुझाकर आपके भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया है। ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से मैं अलग-अलग शहरों में आपसे मिलकर आपकी चुनौतियां समझ रहा हूं। इसी मुहिम के साथ 19 सितंबर को मैं फिर आपके बीच इंदौर में रहूंगा। मगर इस सिस्टम को बदलने के लिए पूरे देश के हर छात्र की आवाज, उनका दर्द और उनकी राय सुनी जानी जरूरी है।"

कांग्रेस का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं को राहुल गांधी से सीधे संवाद का अवसर देना है, ताकि वे शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े अपने मुद्दों को उनके सामने रख सकें। पार्टी को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा हिस्सा लेंगे।

राहुल गांधी का यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम की अनुमति और आयोजन स्थल को लेकर मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले से ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। अब 19 सितंबर की नई तारीख तय होने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं और छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी