मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता विवान शाह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'इक्कीस' के शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में हैं। फिल्म को दर्शकों और आलोचकों दोनों से बेहतरीन प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। साथ ही विवान के अभिनय की भी जमकर तारीफ हो रही है।
इस सफलता के बीच उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को भी याद किया और बताया कि कैसे उन्होंने फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' के दौरान बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और कोरियोग्राफर फराह खान के साथ काम किया। उनका मानना है कि यह अनुभव उनके करियर के लिए सीखने वाला और प्रेरणादायक रहा।
आईएएनएस से बातचीत में विवान ने कहा, '''हैप्पी न्यू ईयर' के सेट पर सबसे प्यारे और मजेदार अनुभव डांस सीखने के दौरान हुए। मैं डांस में बहुत कमजोर हूं। फराह खान ने मुझे डांस की बारीकियां सिखाने की कोशिश की। उनकी टीम ने धैर्य और मेहनत से मुझे डांस सिखाया। इसमें थोड़ी सफलता भी मिली। मैंने थोड़ा-थोड़ा डांस सीखा, यह अनुभव मेरे लिए सबसे मजेदार याद बन गया। टीम ने लगातार मेरी कई कमजोरियों को सुधारा।''
विवान ने आगे कहा, "मैंने 'हैप्पी न्यू ईयर' में अपनी मेहनत के दम पर शाहरुख खान को प्रभावित किया। मेरी डांस तकनीक या क्षमता इतनी अच्छी नहीं थी कि मैं शाहरुख को प्रभावित कर पाता, लेकिन लगातार मेहनत और कोशिशों ने मुझे शाहरुख की सराहना दिलाई। मुझे अच्छे से याद है कि शाहरुख ने कहा था, 'तुमने बहुत मेहनत की है और मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई।'"
उन्होंने कहा, ''शाहरुख खान खुद एक कड़ी मेहनत करने वाले अभिनेता हैं। अगर उन्होंने मेरी मेहनत की सराहना की, तो यह मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण था। इस अनुभव ने मुझे सिखाया कि केवल टैलेंट ही नहीं, बल्कि लगन और मेहनत भी किसी की सराहना दिला सकती है।''
फिल्म 'इक्कीस' में अपने अभिनय की तारीफ पाने पर विवान ने कहा, ''मुझे खुशी है कि मैंने अपनी मेहनत और अनुभव को सही दिशा में लगाया है। मेरी कोशिश है कि मैं हर भूमिका में पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ काम करूं। यह अनुभव मेरे करियर के लिए न सिर्फ प्रेरक है, बल्कि एक सीख भी है कि मेहनत और लगन हमेशा फल देती है।''