मुंबई: एक्टर विनय पाठक ने आईएएनएस से बात करते हुए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म 'खोसला का घोसला' के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने इस फिल्म में आसिफ भाई का यादगार किरदार निभाया था। उन्होंने कहा कि उनके दिलों में इस फिल्म को लेकर खास यादें हैं। साथ ही एक्टर ने कश्मीरी खाने का किस्सा भी शेयर किया, जो उन्हें दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म की शूटिंग के दौरान खिलाया था।
अनुपम खेर की तारीफ करते हुए आईएएनएस से बातचीत में विनय पाठक ने कहा, ''अनुपम कैमरे के पीछे बहुत शानदार थे। एक अच्छी टीम बनाना आसान होता है, लेकिन उसे एक साथ इतने अच्छे तरीके से जोड़ना कि वह परिवार जैसा लगे, यह बहुत कम लोग कर पाते हैं। अनुपम खेर उस टीम के जैसे निर्देशक थे, जिन्होंने सबको सही ताल में रखा। उन्होंने टीम को इतना करीब और परिवार जैसा बना दिया कि आज भी वे सब एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। हम करीब डेढ़ महीने तक साथ रहे, एक साथ खाना खाते थे, समय बिताते थे और साथ में ये भी तय करते थे कि दोपहर को क्या खाना है और शाम को क्या करना है। इसी वजह से हम सब आज भी एक परिवार की तरह हैं।''






