उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल साहू की बेरहमी से हुई हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। अब इसी दिल दहला देने वाली सच्ची घटना पर आधारित फिल्म 'द ज्ञानवापी फाइल्स - ए टेलर मर्डर स्टोरी' बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। यह फिल्म 27 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का मकसद इस दर्दनाक घटना को लोगों तक पहुंचाना है, जिससे समाज को गहरा संदेश मिल सके। फिल्म निर्माता अमित जानी ने फिल्म पर काफी मेहनत की है। उन्होंने उदयपुर के सांसद मन्नालाल रावत को फिल्म के ट्रेलर दिखाया और फिल्म के लिए समर्थन मांगा।
'द ज्ञानवापी फाइल्स- ए टेलर मर्डर स्टोरी' में कन्हैयालाल का किरदार जाने-माने अभिनेता विजय राज निभा रहे हैं। वह 'धमाल', 'डेढ़ इश्किया', 'वेलकम' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी फिल्मों में अपने दमदार किरदार के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनाते ने किया है, जबकि इसकी कहानी जयंत सिन्हा ने लिखी है। फिल्म न सिर्फ एक आम नागरिक की निर्मम हत्या को सामने लाएगी, बल्कि उस मानसिकता पर भी सवाल उठाएगी जिसने पूरे देश को हिला दिया था।






