Siddhant Chaturvedi Interview : सिद्धांत चतुर्वेदी ने भाषा की रुकावट और शर्मिंदगी पर तोड़ी चुप्पी

यूपी, भोजपुरी और भाषा की रुकावटों पर बोले सिद्धांत चतुर्वेदी
सिद्धांत चतुर्वेदी ने भाषा की रुकावट और शर्मिंदगी पर तोड़ी चुप्पी

मुंबई: अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर जल्द ही रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'दो दीवाने शहर में' में नजर आएंगे। हाल ही में अभिनेता ने यूपी की जड़ों, भोजपुरी और भाषा की रुकावटों के बारे में खुलकर बात की।

उन्होंने फिल्म के लॉन्च इवेंट के दौरान बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पले-बढ़े हैं। उनके घर में आज भी भोजपुरी बोली जाती है। उनकी मां आज भी भगवान शिव को 'शंकर भगवान' कहती हैं। इन सारी सांस्कृतिक बातों ने न सिर्फ उनके बोलने का अंदाज बनाया, बल्कि दुनिया को देखने का तरीका भी बदला।

सिद्धांत ने बताया कि जब उन्होंने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी, तो उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं और किरदार उन्हें कुछ अपना सा लगा। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए हमेशा बहुत पर्सनल था। मुंबई में आने के 5-6 साल तक मेरी हिंदी टूटी-फूटी थी। मैं ज्यादातर लोगों से भोजपुरी में ही बात करता था।"

सिद्धांत ने आगे भाषा की रुकावट पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "जब आप मुंबई जैसे बड़े शहर में आते हैं, और आपकी हिंदी सही नहीं होती, तो इसका सीधा असर आपके आत्मविश्वास पर पड़ता है।"

अभिनेता ने 'स' और 'श' जैसे उच्चारण पर फर्क, इंग्लिश सीखने में मुश्किल और क्षेत्रीय भाषा की वजह से होने वाली शर्मिंदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "यह समस्या सिर्फ यूपी या बिहार वालों की नहीं है, बल्कि राजस्थान, गुजरात, नॉर्थ-ईस्ट या नेपाल से आने वाले कई लोग भी ऐसी ही चुनौतियों से गुजरते हैं।"

सिद्धांत ने कहा कि भाषा की यह छोटी-छोटी रुकावटें आत्मविश्वास को धीरे-धीरे कम करने लगती हैं।

रवि उद्यावर द्वारा निर्देशित फिल्म 'दो दीवाने शहर में' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हो गया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि 20 फरवरी को रिलीज होने के बाद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा असर डालती है। सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर के अलावा, फिल्म में इला अरुण, जॉय सेनगुप्ता, आयेशा रजा, संदीपा धर समेत कई नाम शामिल हैं। यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...