मुंबई: शिवसेना नेता राजू वाघमारे ने गुरुवार को सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान की मंशा को लेकर बड़ा सवाल किया। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के यह तीन खान सिर्फ अपनी फिल्मों में ही देशभक्ति दिखाते हैं। लेकिन, सेना के सम्मान में इनकी ओर से एक पोस्ट तक नहीं आता है। दूसरी ओर भारत से सीजफायर की भीख मांगने वाला पाकिस्तान जहां उसका पूर्व क्रिकेटर हार के जश्न में रैली निकाल रहा है। लेकिन, हमारे यहां तीन खान चुप बैठे हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान शिवसेना नेता ने कहा कि यह बिलकुल सच है कि हारने के बाद भी शाहिद अफरीदी जैसे लोग अपनी हार को जश्न में बदलने और समर्थन जुटाने के लिए रैलियां और जुलूस निकाल रहे हैं। लेकिन बुरी बात यह है कि यहां बॉलीवुड के सितारे अभी भी घर बैठे हैं और सिर्फ अपनी फिल्मों में देशभक्ति दिखा रहे हैं। तीनों खान शाहरुख, सलमान या आमिर में से किसी ने भी कोई पोस्ट नहीं किया है और न ही सेना के बारे में कुछ कहा है। चूंकि वे इतने बड़े सेलिब्रिटी हैं, इसलिए वे जो भी कहते हैं, उसका बहुत महत्व है। लेकिन देश के लिए ऐसी मुश्किल परिस्थिति में अगर ये तीनों खान चुप रहते हैं और देश और हमारी सेना के लिए समर्थन नहीं जताते हैं, तो उनका क्या फायदा।






