मुंबई, 22 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 में पहली बार होस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं। अभिनेता ने इसे एक्टिंग से 'बिल्कुल अलग' अनुभव बताया।
अभिनेता ने बताया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में दूसरे के किरदार को निभाया और आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 में होस्ट करना रोमांचक और सम्मान देने वाला है। उन्होंने कहा, "एक एक्टर के लिए कुछ पल ऐसे होते हैं जो थोड़ी ज्यादा घबराहट और बहुत सारी खुशी लेकर आते हैं और पहली बार आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स को होस्ट करना उन्हीं में से एक है। मैंने अपने सफर का ज्यादातर समय कैमरे के सामने किरदारों के जरिए कहानियां सुनाते हुए बिताया है, इसलिए आईआईएफए के मंच पर बिल्कुल अलग भूमिका में आना मेरे लिए रोमांचक और सम्मान की बात दोनों है।"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसा पहली बार होगा जब मैं किसी अवॉर्ड शो को होस्ट करूंगा, जो इस पल को मेरे लिए और भी खास बनाता है। डिजिटल दुनिया ने कहानियां बनाने, खोजे जाने और पसंद किए जाने के तरीके को बदल दिया है और आईएफएफए का इस नई पीढ़ी को पहचान देना बहुत मायने रखता है। इतने सारे प्रतिभाशाली कलाकारों और क्रिएटर्स के साथ इस जश्न का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है।"
अभिनेता पंकज त्रिपाठी का मानना है कि आईआईएफए ने हमेशा ही सिनेमा को दुनिया के सामने दिखाया है। उन्होंने कहा, "आईआईएफए हमेशा से भारतीय सिनेमा को दुनिया भर के दर्शकों तक लेकर गया है और मैं भी जोश, गर्मजोशी और थोड़े से ह्यूमर के साथ आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 के मंच पर आने के लिए उत्सुक हूं। मैं स्टेज के दूसरी तरफ से आईआईएफए के जादू को महसूस करने का इंतजार नहीं कर सकता और उम्मीद करता हूं कि मैं इसके साथ न्याय कर पाऊंगा।"
इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स (आईआईएफए) के अपकमिंग एडिशन में डिजिटल और मेन अवॉर्ड सेरेमनी के लिए होस्ट के दो जोड़े होंगे। पंकज त्रिपाठी और अली फजल आईआईएफए डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 को होस्ट करेंगे, जबकि करण जौहर और वरुण धवन आईआईएफए अवॉर्ड्स 2027 को होस्ट करेंगे।
स्टार-स्टडेड सेलिब्रेशन में सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान और जाह्नवी कपूर की स्पेशल परफॉर्मेंस भी होंगी।
--आईएएनएस
एनएस/एएस






