भोपाल: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आज 6 मई को एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। एमपी बोर्ड 10वीं के परिणाम अनुसार प्रज्ञा जायसवाल ने टॉप किया है, जबकि एमपी बोर्ड 12वीं में प्रियल द्विवेदी टॉपर रही हैं। एमपी बोर्ड का रिजल्ट मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुबह 10 बजे एक संवाददाता सम्मेलन में घोषित किए। इस दौरान राज्य के शिक्षा मंत्री, बोर्ड के अध्यक्ष व सचिव भी मौजूद थे। छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर सकते हैं।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा के रिजल्ट की औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की। इस अवसर पर सीएम यादव ने कहा कि बेटियों ने फिर बाजी मारी है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे असफल हो गए, वे यह न समझें कि यह आखिरी अवसर है। उन्हें दोबारा मौका मिलेगा। वे सालभर में दो बार परीक्षा दे सकेंगे, अत: असफल हुए छात्र निराश न हों और दोबारा परीक्षा देने का उन्हें अवसर मिलेगा। प्रदेश में 17 जून से दोबारा परीक्षा होगी, इसमें फेल होने वाले तो शामिल होंगे, साथ ही यदि कोई अपना रिजल्ट इंप्रूवमेंट करना चाहता है तो वह भी परीक्षा में बैठ सकता है। सीएम ने कहा कि यह नई शिक्षा नीति की सबसे बड़ी ताकत है।






