logo
Advertisement banner

यूएस किड्स गोल्फ: हिस्सी बेसरा ने पहले लेग में 5-अंडर का बेस्ट स्कोर बनाया

यूएस किड्स गोल्फ: हिस्सी बेसरा ने पहले लेग में लगाए 5-अंडर के शानदार स्कोर
यूएस

गुरुग्राम, 10 सितंबर (आईएएनएस)। युवा गोल्फर हिस्सी बेसरा ने यूएस किड्स इंडिया (नॉर्थ) टूर्नामेंट के गर्ल्स 11-12 कैटेगरी में 5-अंडर 67 का राउंड खेलकर दिन का बेस्ट स्कोर बनाया और खिताब जीता।

हिस्सी पिछले साल यूएस किड्स इंडिया चैंपियनशिप समेत कई इवेंट्स में टॉप-3 में जगह बना चुकी हैं। वह कई टूर्नामेंट्स में अच्छे प्रदर्शन के कारण चर्चा में रही हैं।

हिस्सी ने क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में छह बर्डी लगाईं। उनके स्कोरकार्ड पर एकमात्र कमी छठे होल (जो पार-4 था) पर लगी बोगी थी। उन्होंने फ्रंट नाइन में पहले, तीसरे और आठवें होल पर बर्डी लगाई और फिर 10वें, 12वें और 15वें होल पर तीन और बर्डी लगाईं, और आखिर में तीन पार के साथ राउंड खत्म किया।

चेन्नई में सीएसके साउथ जोन चैंपियनशिप, पटना जूनियर मास्टर्स, कोलकाता जूनियर्स और शुभंकर शर्मा ऑल इंडिया जूनियर इनविटेशनल में 'टॉप-3' में रह चुकीं हिस्सी हाल के महीनों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

2026 यूएस किड्स गोल्फ इंडिया (नॉर्थ) के पहले लेग में 'प्रेफर्ड लाइज' का नियम इस्तेमाल किया गया और युवा खिलाड़ियों ने शानदार कौशल और बेहतरीन खेल दिखाया।

इस साल पाइनहर्स्ट में यूएस किड्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले निहाल चीमा उन तीन अन्य विजेताओं में शामिल थे, जिन्होंने अंडर-पार स्कोर किया। चीमा ने चार बर्डी और दो बोगी के साथ 70 का स्कोर किया और एक अन्य बेहतरीन युवा टैलेंट जोवरा वीर सिकंद (76) को हराकर बॉयज 9 कैटेगरी का मुकाबला जीता।

गुड़गांव के रायर्थ जैन (70) का राउंड काफी रोमांचक रहा। उनके राउंड की शुरुआत दो बोगी के साथ हुई और 13वें होल तक वे 1-ओवर पर थे। इसके बाद उन्होंने शानदार लय पकड़ी और आखिरी पांच होलों में चार बर्डी लगाईं और सिर्फ एक बोगी की। उन्होंने 14वें और 15वें होल पर लगातार बर्डी लगाईं, लेकिन 16वें होल पर एक शॉट गंवा दिया। रायर्थ ने लगातार दो बर्डी के साथ 2-अंडर 70 का शानदार राउंड पूरा किया।

इस सीजन में भारतीय सर्किट पर कई खिताब जीतने वाले द्रोणा सिंह ढुल ने पिछले साल 'बॉयज 11' कैटेगरी में मिली अपनी 'यूएस किड्स' जीत को दोहराया। इस बार 'बॉयज 12' कैटेगरी में खेलते हुए, उन्होंने 15वें से 17वें होल तक लगातार तीन बोगी के बावजूद 1-अंडर 71 का स्कोर किया।

टूर्नामेंट का दूसरा चरण शुक्रवार (11 सितंबर) को क्लासिक जीसीसी में आयोजित किया जाएगा।

--आईएएनएस

आरएसजी