दुबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारत ने गुरुवार को विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में बांग्लादेश को 40 रन से मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां 13 सितंबर को उसका सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले सेमीफाइनल-2 की विजेता टीम से होगा।
गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। टीम ने महज 9 के स्कोर पर स्मृति मंधाना (2) का विकेट गंवा दिया था।
इसके बाद प्रतिका रावल ने शेफाली वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन जुटाकर टीम को मजबूती दी। प्रतिका टीम के खाते में 20 रन जोड़कर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 'प्लेयर ऑफ द मैच' शेफाली वर्मा (40 गेंदों में 64 रन) के साथ 33 रन और ऋचा घोष (21) के साथ 36 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इसके अलावा, कौर ने दीप्ति शर्मा (13) के साथ पांचवें विकेट के लिए 8 गेंदों में 21 रन जुटाए। कप्तान 28 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। विपक्षी खेमे से सुल्ताना खातून ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबिया खान ने ने 1-1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। दिलारा अख्तर ने जुवैरिया फिरदौस के साथ पहले विकेट के लिए 33 गेंदों में 26 रन जोड़े। फिरदौस 14 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शोभना मोस्तरी (18) ने कप्तान निगार सुल्ताना (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन जोड़कर टीम को 66 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद बांग्लादेशी टीम बिखर गई।
आलम ये रहा कि बांग्लादेश ने 83 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद फहिमा खातून ने शोर्ना अख्तर के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 26 रन जुटाकर टीम को 109 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन अंतिम दो गेंदों पर नंदिनी शर्मा ने फहिमा (14) और राबिया खान (0) का विकेट लेकर बांग्लादेश को 109/7 के स्कोर पर रोक दिया।
भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 26 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि नंदनी शर्मा ने 2 विकेट चटकाए। इनके अलावा, श्री चरणी और प्रेमा रावत को 1-1 सफलता हाथ लगी।
--आईएएनएस
आरएसजी







