दुबई, 5 सितंबर (आईएएनएस)। 'विमेंस एशिया कप- 2026' के 9वें मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 55 रन बनाकर ढेर हुई।
इस मुकाबले में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ ही पाकिस्तान के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। 55 रन पाकिस्तान का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक का न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले, साल 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान की पूरी टीम 56 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। भारतीय स्पिनर्स के आगे पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।
महामुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। मुनीबा 13 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि जुल्फिकार 14 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। गुल फिरोजा बिना खाता खोले आउट हुईं। आयशा जफर सिर्फ 2 रन बना सकीं, जबकि सदाफ शमास 3 रन पर क्लीन बोल्ड हुईं। कप्तान फातिमा सना भी कोई रन नहीं बना पाईं और दीप्ति शर्मा का शिकार बनीं।
मध्यक्रम में भी कोई बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सकी। एमान फातिमा ने 5 रन और उम्म-ए-हानी ने 6 रन बनाए। तूबा हसन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। टीम की 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सकीं। और पूरी टीम सिर्फ 55 रन पर सिमट गई।
भारत की स्पिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्री चरणी ने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रेमा रावत ने भी 3 बल्लेबाजों को आउट किया और 9 रन दिए। दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में केवल 5 रन देकर 2 विकेट झटके। शेफाली वर्मा ने भी 1 विकेट चटकाया। भारतीय टीम ने 56 रनों के लक्ष्य को 8.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल किया। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम







