नई दिल्ली : भारत के साथ 9 जून से होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम गुरुवार सुबह दिल्ली पहुंची। वहीं आईपीएल में भाग लेने के कारण भारत में ही रहे तीन क्रिकेटर क्विंटन डिकॉक, डेविड मिलर और कगिसो रबाडा भी इस टीम से जुड़ जाएंगे। इस सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी युवा बल्लेबाज लोकेश राहुल करेंगे। टीमें में कई युवा खिलाड़ियों को भी अवसर दिया जाएगा। वहीं इसी प्रकार दक्षिण अफ्रीका भी कई युवा खिलाड़ियों को अवसर दे रही है। इसमें एक खिलाड़ी ट्रिस्टियन स्टब्स भी शामिल हैं। स्टब्स ने आईपीएल के इस सत्र में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला था हालांकि वह विफल रहे थे। वहीं अब उनकी नजरें भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में बेहतर प्रदर्शन की रहेंगी।
टीम इंडिया के पास इस सीरीज में एक अहम रिकार्ड बनाने का अवसर है। टीम ने पिछले 12 टी20 जीते हैं। ऐसे अगर वह पहले टी20 में दक्षिण अफ्रीका को हरा देती है, तो लगातार सबसे अधिक टी20 मैच जीतने वाली टीम बन जाएगी। भारत ने पिछली तीनों टी20 सीरीज में सभी मैच जीते थे। तब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड , वेस्टइंडीज और श्रीलंका को हराया था। भारत के अलावा अफगानिस्तान और रोमानिया ने भी लगातार 12 टी20 मुकाबले जीते हैं।






