Advertisement banner

पाकिस्तान टेस्ट टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहा हूं: हारिस रऊफ

पाकिस्तान टेस्ट टीम में जगह पाने के लिए संघर्ष कर रहे हारिस रऊफ
पाकिस्तान

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। कभी अपने तेज गेंदबाजों की वजह से विश्व क्रिकेट में खतरनाक टीम के तौर पर स्थापित रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम मौजूदा समय में टेस्ट फॉर्मेट में एक अच्छे तेज गेंदबाज के लिए तरस रही है। टीम के पास ऐसा कोई गेंदबाज नहीं है, जो टेस्ट में लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक गति से गेंदबाजी करे। हारिस रऊफ ने इस कमी को पूरा करने की उम्मीद जताई है।

हारिस रऊफ फिलहाल पाकिस्तान में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड 1 टूर्नामेंट में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन के आधार पर रऊफ श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहते हैं।

रऊफ ने हाल ही में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तीसरी बार 5 विकेट लिया है। उन्होंने 13 ओवर में 34 रन देकर 5 विकेट लिए।

इस प्रदर्शन के बाद रऊफ ने अपने विभाग द्वारा वीडियो में कहा, "जब आप क्रिकेट खेलते हैं तो हमेशा एक मकसद होता है जो आपको आगे बढ़ाता है। मैं श्रीलंका सीरीज के लिए अपना नाम आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं। पाकिस्तान को भी एक तेज गेंदबाज की जरूरत है। प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में अभी काफी मैच बाकी हैं। देखते हैं भविष्य में क्या होता है।"

रऊफ ने कहा, "मैंने पिछले सीजन में चार दिन का क्रिकेट खेला था और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ग्रेड-II क्रिकेट में भी समय बिताया था। जब भी आपको समय मिलता है, आप लंबे फॉर्मेट में खेलकर खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज आने वाली हैं। मेरे पास अभी खुद पर काम करने का समय है। मैं इसका फायदा उठाना चाहता हूं।"

32 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने अब तक अपने करियर में एकमात्र टेस्ट खेला है। 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ रावलपिंडी में खेले इस टेस्ट में रऊफ ने 1 विकेट लिया था। वह इंजरी की वजह से बाहर हुए थे और अब तक बाहर हैं।

--आईएएनएस

पीएके