Advertisement banner

20 सितंबर से होगा ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी का आगाज, छह टीमें टूर्नामेंट में लेंगी हिस्सा

20

कटक, 31 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी की वापसी होने जा रही है। यह टूर्नामेंट 20 से 29 सितंबर तक कटक के मशहूर बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी।

ओडिशा में क्रिकेट और खेलों के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के समर्पण और समर्थन को दर्शाने के लिए इस टूर्नामेंट का नाम 'सीएम ट्रॉफी' रखा गया है। यह राज्य के उभरते हुए क्रिकेटरों के लिए बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अहम जरिया बनेगा।

इसमें भाग लेने वाली छह टीमें - कटक पैंथर्स, भुवनेश्वर टाइगर्स, राउरकेला स्टीलर्स, क्योंझर माइनर्स, पुरी टाइटन्स और संबलपुर वॉरियर्स होंगी। 17 मैचों के इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले, 6 सितंबर को खिलाड़ियों का ड्राफ्ट (चयन प्रक्रिया) आयोजित किया जाएगा।

ओडिशा के युवा क्रिकेटरों के लिए यह लीग राज्य के सबसे मशहूर स्टेडियमों में से एक, कटक के बाराबती स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के नीचे प्रतिस्पर्धी टी20 क्रिकेट खेलने का मौका देगी।अनुभवी खिलाड़ियों, कोचों और फ्रेंचाइजी के सहयोग से इस टूर्नामेंट से युवा खिलाड़ियों को मैच का जरूरी अनुभव मिलने और उनके करियर को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ट्रॉफी का अनावरण किया गया, जिससे टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण की आधिकारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती, संयुक्त सचिव प्रभात भोल, कोषाध्यक्ष विकास प्रधान और एपेक्स काउंसिल के सदस्य प्रताप चंद्र प्रधान शामिल हुए।

पिछले संस्करण में कटक पैंथर्स चैंपियन बनी थी, और अब छह टीमें नए सीजन में ट्रॉफी को अपने नाम करने के लिए भिड़ती हुई नजर आएंगी। टूर्नामेंट के बारे में बात करते हुए ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती ने कहा, "ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी राज्य में क्रिकेट के माहौल को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। हमारा ध्यान न केवल एक प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट आयोजित करने पर है, बल्कि एक ऐसा मंच बनाने पर भी है जहां युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकें, सीख सकें और आगे बढ़ सकें।"

उन्होंने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि ओडिशा के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी मौके मिलें।" यह लीग ओडिशा के खिलाड़ियों की पहचान बढ़ाने पर जोर देगी। बाराबती स्टेडियम में मैच आयोजित करने और उन्हें ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने से युवा खिलाड़ियों को ओडिशा से बाहर के स्काउट्स और टीमों का ध्यान खींचने का बेहतर मौका मिलेगा।

उम्मीद है कि इस लीग से ओडिशा के खिलाड़ियों को बहुत सारे दर्शकों के सामने खेलने का मौका मिलेगा, जिससे वे आईपीएल फ्रेंचाइजी का ध्यान भी खींच सकते हैं। उन्होंने कहा, "यह लीग ओडिशा के खिलाड़ियों को कटक के बाराबती स्टेडियम में अपना हुनर ​​दिखाने का एक अनोखा मौका देगी। 10 दिनों में होने वाले 17 मैचों के दौरान उन्हें एक बड़े मंच पर खेलने का मौका मिलेगा।"

लीग की व्यापक पहुंच होनहार खिलाड़ियों के लिए बड़े घरेलू और फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में आगे बढ़ने का रास्ता भी बना सकती है। उन्होंने कहा, "हमने देखा है कि कई दूसरी लीगों में खिलाड़ी घरेलू टी20 क्रिकेट से आईपीएल और फिर नेशनल टीम तक पहुंचे हैं। हमें उम्मीद है कि 2026 सीजन के कम से कम कुछ खिलाड़ी अगले सीजन के आईपीएल ऑक्शन तक पहुंच पाएंगे। अगर ऐसा होता है, तो यह लीग और ओडिशा क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।"

17 मैचों का यह टूर्नामेंट 20 से 29 सितंबर तक बाराबती स्टेडियम में होगा, जिसमें आखिरी दिन महिलाओं का एक एग्जिबिशन मैच भी शामिल है। छह फ्रेंचाइजी, 17 कड़े मुकाबले और शानदार प्रदर्शन करने को बेताब युवा क्रिकेटरों के साथ, 'ओडिशा टी20 लीग सीएम ट्रॉफी' का मकसद सिर्फ एक घरेलू टी20 इवेंट से कहीं अधिक है। यह ओडिशा के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़े सपने देखने, दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने और क्रिकेट में बड़े मौकों की ओर अपना सफर शुरू करने का एक मंच है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम