अमरोहा: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को ईमेल कर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपी ने एक करोड़ रुपये की मांग करते हुए पैसे न देने पर हत्या की चेतावनी दी है। यह मामला सामने आने के बाद से शमी और उनके परिजन दहशत में हैं। शमी फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में व्यस्त हैं और हैदराबाद में मौजूद हैं।
यह ईमेल सबसे पहले शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने देखा। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी अमरोहा के एसपी को दी। इसके बाद शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हसीब के मुताबिक, शमी को पहला ई-मेल चार मई की शाम, दूसरा मेल पांच मई (सोमवार) सुबह भेजा गया था। शिकायत मिलने के बाद अमरोहा के साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।






