Advertisement banner

भारत बनाम श्रीलंका: बारिश ने डाला खलल, शतक के करीब जुरेल, टी-ब्रेक तक भारत का स्कोर 475/8

भारत

कोलंबो, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टी-ब्रेक तक पहली पारी में 8 विकेट खोकर 475 रन बना लिए हैं। बारिश के चलते दूसरे सेशन का खेल रोकना पड़ा और समय से पहले टी-ब्रेक लिया गया है।

दूसरा सेशन में भारत ने दो बड़े विकेट गंवाए। क्रीज पर पूरी तरह से सेट नजर आ रहे ऋषभ पंत एक बार फिर खराब शॉट खेलकर आउट हुए। पंत ने 89 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। पंत के पवेलियन लौटने के बाद ध्रुव जुरेल ने मानव सुथार के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी निभाई। मानव 18 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच देकर आउट हुए।

हालांकि, जुरेल ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और वह अपने शतक के बेहद करीब है। जुरेल 155 गेंदों में 95 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। जुरेल अपनी इस पारी में 9 चौके लगा चुके हैं। वह चौका लगाकर 95 रनों के स्कोर पर पहुंचे ही थे कि अचानक बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद खेल को तुरंत रोकना पड़ा। बारिश की रफ्तार बढ़ने के चलते मैदान को पूरी तरह से कवर्स से ढक दिया गया है। जुरेल का साथ मोहम्मद सिराज दे रहे हैं, जिनको खाता खोलना अभी बाकी है।

दूसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए खराब रही। डेब्यूटेंट सारांश जैन अपने करियर की पहली पारी में 6 रन बनाकर आउट हुए। सारांश को असिथा फर्नांडो ने पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद पंत और जुरेल ने मोर्चा संभाला और सातवें विकेट के लिए 152 गेंदों में 112 रनों की साझेदारी निभाई। पंत और जुरेल की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते दूसरे दिन के पहले सेशन में भारतीय टीम ने सिर्फ एक विकेट गंवाया। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए हैं, जबकि केशरा नुवानथा दो और लाहिरू कुमारा एक विकेट निकाल चुके हैं।

--आईएएनएस

एसएम/एएस