लंदन, 21 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट को कैरिबियन, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के दौरे के लिए 'इंग्लैंड लायंस' का हेड कोच नियुक्त किया है। बोर्ड ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
45 वर्षीय ट्रॉट के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग का खासा अनुभव है। वह साल 2022 से अफगानिस्तान के हेड कोच के तौर पर चार साल तक सफल काम कर चुके हैं। उनकी देखरेख में अफगान टीम आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
ट्रॉट ने कोविड-19 महामारी के दौरान इंग्लैंड की सीनियर पुरुष टीम के साथ असिस्टेंट कोच के तौर पर काम किया था। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ लायंस की टी20 सीरीज में 2-0 से सीरीज जीत के दौरान अंतरिम हेड कोच बने थे। उन्होंने आयरलैंड और ग्लैमोर्गन के साथ भी कुछ समय के लिए कोचिंग की है।
उल्लेखनीय है कि एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने अगस्त की शुरुआत में इस भूमिका से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद ट्रॉट ने यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्लिंटॉफ ने ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग (बीबीएल) में सिडनी थंडर के हेड कोच बनने का करार किया था।
जोनाथन ट्रॉट ने इंग्लैंड के लिए 52 टेस्ट मुकाबलों में 3,835 रन बनाए हैं, जबकि 68 वनडे मुकाबलों में उनके बल्ले से 2,819 रन निकले हैं। इसके अलावा, उन्होंने 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं। ट्रॉट तीन बार एशेज विजेता रहे हैं, उन्होंने लायंस के लिए भी 22 मुकाबले खेले हैं।
इस जिम्मेदारी के मिलने पर ट्रॉट ने कहा, "मैं इंग्लैंड के सेटअप में वापस आकर बहुत खुश हूं और इंग्लैंड लायंस के हेड कोच की भूमिका संभालने के लिए बहुत उत्साहित हूं। खुद लायंस के लिए खेलने के कारण, मैं जानता हूं कि यह अनुभव खिलाड़ियों के विकास में – मैदान के अंदर और बाहर – कितना कीमती हो सकता है। मेरी अपनी यात्रा में भी इसने अहम भूमिका निभाई थी। मैं खिलाड़ियों और स्टाफ के साथ काम करने, उनकी क्षमता को पूरा करने में उनकी मदद करने और उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए बहुत उत्सुक हूं।"
--आईएएनएस
आरएसजी






