Khelo India Tribal Games : खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की टीम बनाने के लिए ट्रायल आयोजित गए

छत्तीसगढ़ की टीम चयन के लिए बिलासपुर में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स ट्रायल शुरू
बिलासपुर: खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की टीम बनाने के लिए ट्रायल आयोजित गए

बिलासपुर: बिलासपुर में बुधवार को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की टीम बनाने के लिए प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के जनजातीय खिलाड़ियों ने भाग लिया।

खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की पंजीयन व्यवस्था की गई थी। क्यूआर कोड और रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कराया गया, वहीं ट्रायल स्थल पर ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रही। ट्रायल में शामिल सभी खिलाड़ियों के पास अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति थी।

बिलासपुर में पहली बार खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स ट्रायल का आयोजन किया गया। राज्य की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के चयन के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। नेशनल ट्राइबल गेम्स में सात खेलों को शामिल किया गया है। रायपुर में वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल हो रहा है। वहीं बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए गए हैं।

बी.आर. यादव स्टेडियम में बुधवार को सुबह 9 बजे से तीरंदाजी और एथलेटिक्स और तैराकी के ट्रायल शुरू हुए। महिला और पुरुष दोनों वर्गों के लिए ट्रायल में भाग लेने की आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सुशील मिश्रा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले नेशनल ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की टीम बनाने के लिए यहां प्रतियोगिता के माध्यम से चयन का काम हो रहा है।

तीरंदाजी कोच श्रद्धा सोनवानी ने कहा कि राज्यस्तरीय ट्राइबल तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया है। हमारा उद्देश्य ट्राइबल प्रतिभाओं को सामने लाना है। सभी पांच संभाग के बच्चे आए हुए हैं।

बीजापुर के तीरंदाजी कोच दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रतियोगिता है। यह ट्राइबल बच्चों के लिए बेहद अहम है। टूर्नामेंट में लगभग 50 बच्चे आ चुके हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली बिलासपुर की चांदनी साहू ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यहां एथलेटिक्स और तीरंदाजी के लिए ट्रायल चल रहा है। यहां दंतेवाड़ा, दुर्ग, रायपुर जैसे जिलों के खिलाड़ी आए हुए हैं।

सत्यपाल कवाची ने कहा कि मैं इस प्रतियोगिता के लिए बहुत उत्साहित था। मैं सरकार को इस आयोजन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। हर साल ऐसे आयोजन होने चाहिए।

हर खेल में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी छत्तीसगढ़ टीम के लिए चुने जाएंगे।

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...